महिला नेतृत्व को नई दिशा देने वाली पहल में शामिल हुईं विधायक रेणुका सिंह
‘She Is a Change Maker’ कार्यक्रम में महिला जनप्रतिनिधित्व, सुशासन और जेंडर रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस पर हुआ मंथन
छत्तीसगढ़/हरियाणा। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) द्वारा आयोजित ‘She Is a Change Maker’ कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने छत्तीसगढ़ की अन्य महिला विधायकों के साथ सहभागिता की। दो दिवसीय कार्यक्रम में महिला नेतृत्व को मजबूत करने, जेंडर रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस, सुशासन और प्रभावी जनप्रतिनिधित्व जैसे विषयों पर विभिन्न सत्रों के माध्यम से मार्गदर्शन और विचार विमर्श हुआ
कार्यक्रम के प्रथम दिवस ‘Gender Responsive Governance’ विषय पर आयोजित क्षमता संवर्धन कार्यशाला में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ वहीं दूसरे दिन महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका, नेतृत्व क्षमता को प्रभावी बनाने और जनसेवा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई
कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करते हुए विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि ‘She Is a Change Maker’ उनके लिये बेहद उपयोगी और प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला जनप्रतिनिधियों के अनुभवों को जानने, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने और शासन प्रशासन में महिलाओं की प्रभावी भूमिका से जुड़े नये दृष्टिकोण समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल बदलाव की सहभागी नहीं बल्कि बदलाव की नेतृत्वकर्ता भी हैं। ऐसे कार्यक्रम महिला जनप्रतिनिधियों के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने के साथ उन्हें जनता की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर कार्य करने के लिये प्रेरित करते हैं
विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि कार्यक्रम से प्राप्त सीख और अनुभव उनके विधानसभा क्षेत्र भरतपुर-सोनहत की जनता की सेवा में उपयोगी साबित होंगे। जनप्रतिनिधि के रूप में हमारा प्रयास होना चाहिये कि अधिक संवेदनशीलता, बेहतर समझ और प्रभावी कार्ययोजना के साथ जनता की समस्याओं का समाधान किया जाये।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की 18 महिला विधायकों की सहभागिता ने महिला नेतृत्व और सशक्त जनप्रतिनिधित्व के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।



































































