सीएमपीडीआई में जनजातीय हितों की समीक्षा, डॉ. आशा लकड़ा ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश

---Advertisement---

सीएमपीडीआई में जनजातीय हितों की समीक्षा, डॉ. आशा लकड़ा ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश

पदोन्नति, भर्ती, प्रशिक्षण, आरक्षण और सीएसआर पर हुई विस्तृत चर्चा; एससी-एसटी-ओबीसी प्रतिनिधियों से भी सुनीं समस्याएं

रांची, 8 सितंबर। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने मंगलवार को सीएमपीडीआई (मुख्यालय), रांची का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए संविधान में प्रदत्त सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की और सीएमपीडीआई के उच्च प्रबंधन के साथ विस्तृत बैठक की।

समीक्षा बैठक में सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह, निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) नृपेन्द्र नाथ, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संजय कडम्बार, लाइजन ऑफिसर (अनुसूचित जनजाति) ममता टोप्पो सहित संस्थान के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए।

भर्ती और पदोन्नति में आरक्षण की स्थिति पर चर्चा

डॉ. आशा लकड़ा ने बैठक के दौरान अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रबंधन से जानकारी ली। इनमें पदोन्नति, भर्ती, प्रशिक्षण, आरक्षण, सीएसआर सहित अन्य विषय प्रमुख रहे। उन्होंने संबंधित मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की और अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों से जुड़े प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न मामलों की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए संविधान एवं नियमों के तहत निर्धारित प्रावधानों का उचित तरीके से पालन हो।

कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से भी संवाद

समीक्षा बैठक के बाद डॉ. लकड़ा ने ऑल इंडिया एससी/एसटी/ओबीसी को-ऑर्डिनेशन काउंसिल तथा कोल इंडिया एससी-एसटी एम्प्लाइज एसोसिएशन (सिस्टा) के सदस्यों एवं प्रतिनिधियों के साथ भी वार्ता की। इस दौरान कर्मचारी प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न शिकायतों और मांगों को उनके समक्ष रखा।

डॉ. लकड़ा ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कर्मचारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों के संबंध में आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की।

भू-गर्भ संग्रहालय का किया अवलोकन

सीएमपीडीआई मुख्यालय के दौरे के दौरान डॉ. आशा लकड़ा ने संस्थान परिसर स्थित भू-गर्भ संग्रहालय का भी भ्रमण किया। उन्होंने संग्रहालय में प्रदर्शित सामग्री एवं विभिन्न जानकारियों का अवलोकन किया तथा कोयला उद्योग से संबंधित गतिविधियों, कार्यकलापों और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान सीएमपीडीआई के अधिकारियों ने उन्हें संस्थान के कार्यक्षेत्र, गतिविधियों और कोयला क्षेत्र से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। दौरे के दौरान अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों से जुड़े विषयों की समीक्षा के साथ-साथ कोयला उद्योग की गतिविधियों को समझने का अवसर भी मिला।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment