देश एवं समाज की सेवा में योगदान दें कार्यकर्ता : हीरा सिंह श्याम
कार्यक्रम को बोझ नहीं, चुनौती समझकर पूरी मेहनत से करें कार्य : संजय साहू
भाजपा का सेवा संकल्प अभियान प्रशिक्षण एवं जिला कार्यसमिति की बैठक संपन्न

अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला अनूपपुर द्वारा सोमवार को आशीर्वाद पैलेस में सेवा संकल्प अभियान प्रशिक्षण एवं जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने की। कार्यक्रम में जिला प्रभारी संजय साहू, अनूपपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बिसाहूलाल सिंह, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम, रामदास पुरी, आधाराम वैश्य, जिला महामंत्री श्याम नारायण शुक्ला एवं सिद्धार्थ शिव सिंह सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। अभियान के तहत सेवा, जनसंपर्क एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद भाजपा परिवार के दिवंगत सदस्यों के परिजनों के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने बैठक की प्रस्तावना रखी, जबकि राजनीतिक प्रस्ताव जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र भट्ट ने प्रस्तुत किया
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी संजय साहू ने कहा कि 9 सितंबर को सभी मंडलों में बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी संवाद और समन्वय के साथ पूरी मेहनत से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी कार्यक्रम को बोझ न समझें, बल्कि चुनौती मानकर उसे पूरा करने की आदत डालें। उन्होंने मंडल स्तर पर कार्ययोजना बनाकर लाभार्थियों से निरंतर संपर्क रखने तथा सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं से संपर्क और संवाद बढ़ाने की बात कही।
अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने सामाजिक समरसता, जबकि पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम ने विकसित भारत-2047 विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया
जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा एवं संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कार्यकर्ता देश एवं समाज की सेवा में अपना योगदान दें। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर कार्यों का वर्गीकरण कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आंगन उत्सव, कहानी बदलाव की और सेवा मेरा योगदान सहित संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा के कार्यों को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सिद्धार्थ शिव सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री श्याम नारायण शुक्ला ने किया। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


































































