खेलगांव में सीसीएल की अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन-टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य आगाज

---Advertisement---

खेलगांव में सीसीएल की अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन-टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य आगाज

189 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम, महिला एवं वेटरन वर्ग में भी जोरदार मुकाबले; उत्कृष्ट खिलाड़ी करेंगे कोल इंडिया अंतर-कंपनी प्रतियोगिता में सीसीएल का प्रतिनिधित्व

रांची। ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव स्टेडियम, खेलगांव में गुरुवार को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 3 से 5 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा एवं निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया। प्रतियोगिता में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं इकाइयों से कुल 189 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

खेल अनुशासन और टीम भावना का देते हैं संदेश

उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल व्यक्ति के जीवन में अनुशासन और टीम वर्क की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि खेल मैदान पर प्रदर्शन के साथ सकारात्मक सोच और खेल भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सकारात्मक एवं उत्साहजनक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी सीसीएल में समान अवसर और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

राष्ट्रीय स्तर पर सीसीएल का नाम रोशन करने का लक्ष्य

निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से सीसीएल की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगे राष्ट्रीय एवं अंतर-कंपनी स्तर की प्रतियोगिताओं में सीसीएल का प्रतिनिधित्व करते हुए कंपनी का नाम रोशन करेंगे।

विभिन्न वर्गों में हो रहे रोमांचक मुकाबले

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस के विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। पुरुष एवं महिला वर्ग में ओपन सिंगल्स, ओपन डबल्स तथा टीम चैंपियनशिप के मुकाबले हो रहे हैं। वहीं वेटरन पुरुष वर्ग में ओपन सिंगल्स एवं ओपन डबल्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। टीम चैंपियनशिप के मुकाबलों में बरका-सयाल एवं मुख्यालय की टीमों ने बेहतरीन तालमेल, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

वेटरन वर्ग में निदेशक द्वय ने भी दिखाया खेल कौशल

प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण वेटरन वर्ग के मुकाबले रहे, जिसमें निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने भी हिस्सा लिया। दोनों ने अपने अनुभव और शानदार फॉर्म का प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

बैडमिंटन मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने 21-18, 15-21 एवं 21-16 के स्कोर के साथ शानदार प्रदर्शन किया। वहीं टेबल टेनिस टीम मुकाबलों में मुख्यालय एवं हजारीबाग की टीमों ने भी उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

सीसीएल की 17 क्षेत्रों एवं इकाइयों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

प्रतियोगिता में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं इकाइयों से खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। इनमें आम्रपाली-चंद्रगुप्त, राजहरा, रजरप्पा, गिरिडीह, कुजू, अरगडा, बीएंडके, मगध-संघमित्रा, बरका-सयाल, सीएचआर, ढोरी, मुख्यालय, कथारा, हजारीबाग, एनके, सीआरएस बरकाकाना, पिपरवार एवं एमआरएस रामगढ़ शामिल हैं।

प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए अनुभवी तकनीकी अधिकारियों एवं रेफरी की टीम तैनात की गई है। अधिकारी एवं रेफरी पूरे खेल अनुशासन और निष्पक्षता के साथ मुकाबलों का संचालन कर रहे हैं।

सीआईएल अंतर-कंपनी प्रतियोगिता में मिलेगा प्रतिनिधित्व का मौका

सीसीएल अंतर-क्षेत्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का भी बड़ा अवसर है। चयनित खिलाड़ी आगामी कोल इंडिया लिमिटेड अंतर-कंपनी प्रतियोगिता में सीसीएल का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सीआईएल अंतर-कंपनी टेबल टेनिस प्रतियोगिता नवंबर 2026, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता दिसंबर 2026 में आयोजित की जाएगी।

आगामी 4 एवं 5 सितंबर को भी विभिन्न वर्गों में मुकाबले जारी रहेंगे। ऐसे में प्रतियोगिता के अगले दो दिन खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे और खिताब के लिए मुकाबले और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment