जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं — श्रीमती सावित्री ठाकुर
जिला समन्वय एवं विकास समिति (दिशा) की बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
धार। आज जिला मुख्यालय धार में जिला समन्वय एवं विकास समिति (दिशा) की बैठक माननीय सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर जी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े विषयों की विभागवार समीक्षा की गई।
आज आयोजित बैठक में मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, रेलवे, विद्युत, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
श्रीमती सावित्री ठाकुर जी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन, विशेषकर ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के नागरिकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए। विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान श्रीमती सावित्री ठाकुर जी ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि बालक-बालिकाओं के छात्रावासों की स्थिति में शीघ्र सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े विषयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर छात्रावासों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करे
बैठक में धार विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा जी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार मेडा जी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चंचल पाटीदार जी, जिला कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीणा जी, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा जी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


































































