जन्माष्टमी पर मनेन्द्रगढ़ में भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता
विजेताओं को मिलेगा 31 हजार का पुरस्कार
मनेन्द्रगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री शिव भक्त मंडली मनेन्द्रगढ़ द्वारा इस वर्ष भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता और जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 5 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे से हाई स्कूल ग्राउंड (स्वामी आत्मानंद विद्यालय) मनेन्द्रगढ़ में होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 हजार रुपये जबकि उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। इसके अलावा प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिये आकर्षक सांत्वना पुरस्कार भी रखे गये हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिये टीम का प्रवेश शुल्क 2,100 रुपये निर्धारित किया गया है और टीमों की एंट्री 4 सितंबर 2026 को बंद कर दी जायेगी
प्रतियोगिता को रोमांचक बनाने के लिये आयोजकों ने कुछ विशेष नियम भी निर्धारित किये हैं। प्रत्येक टीम को निर्धारित 7 मिनट के समय में मटकी फोड़ने के दो अवसर दिये जाएंगे। मटकी फोड़ने में लगे समय के आधार पर विजेता टीम का निर्धारण किया जायेगा। प्रतियोगिता में गोविंदा टोली की अधिकतम संख्या 31 सदस्य होगी और सभी टीमों के गोविंदाओं की एक जैसी गणवेश रखने पर जोर दिया गया है
आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को नशामुक्त और अनुशासित रखने का विशेष निर्णय लिया है। यदि गोविंदा टोली का कोई सदस्य नशे की स्थिति में पाया जाता है तो पूरी टीम को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जायेगा वहीं मटकी फोड़ने के दौरान किसी प्रतिभागी को चोट लगने या घायल होने की स्थिति में आयोजन समिति किसी भी प्रकार से जिम्मेदार नहीं होगी। आयोजकों ने इस आयोजन को केवल मनोरंजन तक सीमित ना रखते हुए “नशा मुक्ति की ओर—स्वस्थ युवा, सशक्त समाज, खुशहाल परिवार” का संदेश देने का माध्यम बनाया है। आयोजन के जरिये युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, संस्कृति और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया जायेगा।
श्री शिव भक्त मंडली ने मनेन्द्रगढ़ सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं और कृष्ण भक्तों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर प्रतियोगिता का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम भक्ति, साहस, एकता, संतुलन और खेल भावना का संगम बनेगा
प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी और पंजीयन के लिये 6260282891 पर संपर्क किया जा सकता है। संपर्क स्थल नाना होटल खेड़िया टॉकीज के पास मनेन्द्रगढ़ निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन श्री शिव भक्त मंडली मनेन्द्रगढ़ द्वारा किया जा रहा है
































































