वार्ड क्रमांक 9 में बह रही विकास की गंगा, पार्षद अर्चना अजय यादव के प्रयासों से तेज हुआ विकास कार्य
स्ट्रीट लाइट, पानी टंकी, पाइपलाइन, नाली और स्टेज निर्माण सहित कई कार्य प्रगति पर

अनूपपुर। नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 09 में इन दिनों विकास कार्यों को लगातार गति मिलती दिखाई दे रही है। पार्षद अर्चना अजय यादव के प्रयास एवं सहयोग से वार्ड में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इससे वार्डवासियों में भी सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद जगी है।वर्तमान में वार्ड में स्ट्रीट लाइट लगाने, पानी टंकी निर्माण, नाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्य प्रगति पर हैं। वहीं वार्ड में बोर कराकर समर्सिबल पंप की व्यवस्था के माध्यम से घरों तक पानी पहुंचाने तथा पाइपलाइन बिछाकर पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य भी कराया जा रहा है। वार्डवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना पार्षद की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 09 में धार्मिक स्टेज निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए पार्षद अर्चना अजय यादव स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण करती नजर आती हैं, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कराया जा सके।
बैठक में उठाई गईं वार्ड की प्रमुख मांगें-
पार्षद अर्चना अजय यादव द्वारा नगर परिषद की बैठकों में भी वार्ड की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा गया है। इनमें अमलाई-मोहाड़ा क्षेत्र में सामुदायिक भवन की रिपेयरिंग, स्टेज निर्माण, बोरवेल कराकर पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पेयजल पहुंचाने, सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाकर रात्रि में प्रकाश की व्यवस्था करने सहित अन्य मांगों को एजेंडे में शामिल कराया गया है।पार्षद अर्चना अजय यादव का कहना है कि वार्ड के प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। आने वाले समय में नाली निर्माण एवं चबूतरा निर्माण सहित अन्य कार्यों को भी जल्द पूरा कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों में नगर परिषद बरगवां-अमलाई की मुख्य नगरपालिका अधिकारी शिवांगी सिंह बघेल का भी सहयोग मिल रहा है। नगर परिषद एवं वार्ड पार्षद के समन्वित प्रयासों से वार्ड क्रमांक 09 में विकास कार्यों को गति मिलने से स्थानीय लोगों को आने वाले समय में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

































































