सकोला में नल-जल योजना में अनियमितता के आरोप, रोजगार सहायक व प्रभारी सचिव के कार्यों की जांच की मांग

---Advertisement---

सकोला में नल-जल योजना में अनियमितता के आरोप, रोजगार सहायक व प्रभारी सचिव के कार्यों की जांच की मांग

जमुना बदरा अनूपपुर। जनपद पंचायत बदरा अंतर्गत ग्राम पंचायत सकोला में नल-जल योजना के अधूरे कार्यों और रोजगार सहायक एवं प्रभारी सचिव के कार्यों को लेकर शिकायत सामने आई है। मामले में संबंधित अधिकारियों से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सचिन तिवारी द्वारा 28 जुलाई 2026 को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायत सकोला में संचालित नल-जल योजना का कार्य अभी तक पूरी तरह से पूरा नहीं हुआ है। आवेदन के अनुसार पाइपलाइन, जल प्रदाय व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्य अधूरे हैं और संबंधित ठेकेदार द्वारा योजना को ग्राम पंचायत को विधिवत हैंडओवर किए जाने का प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसके विपरीत संबंधित ठेकेदार एवं PHE विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्रामवासियों को योजना का कार्य पूर्ण होने तथा ग्राम पंचायत को हैंडओवर किए जाने की जानकारी दी जा रही है। शिकायतकर्ता ने हैंडओवर से संबंधित दस्तावेज एवं रसीद उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।

इसी मामले में नरेंद्र कुमार साहू द्वारा 25 अगस्त 2026 को कलेक्टर कार्यालय में जन आवेदन प्रस्तुत कर ग्राम पंचायत सकोला के रोजगार सहायक एवं प्रभारी सचिव के कार्यों की जांच कराने की मांग की गई है। आवेदन में मामले के निराकरण की समय-सीमा 22 सितंबर 2026 निर्धारित किए जाने का उल्लेख है। आवेदन को जिला पंचायत अनूपपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रवि गोयल के कार्यालय की ओर अग्रेषित किया गया है।

अब दोनों शिकायतों के सामने आने के बाद ग्राम पंचायत सकोला में नल-जल योजना के कार्यों तथा संबंधित कर्मचारियों की भूमिका को लेकर जांच की मांग तेज हो गई है। शिकायतकर्ताओं ने संबंधित विभाग से मौके पर जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और दोष पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment