शहडोल में 10 सितंबर को होगी लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता
शहडोल, 21 अगस्त 2026। मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग के अंतर्गत उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी द्वारा महान पार्श्व गायिका लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता का आयोजन विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी संभाग स्तर पर शहडोल में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन 10 सितंबर 2026 को महिला मंडल सभागार, कलेक्टर निवास के सामने, शहडोल में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली से प्रशिक्षित संभाग के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं रंगकर्मी-फिल्म अभिनेता पंकज दुबे को संस्कृति विभाग द्वारा इस कार्यक्रम का निर्देशक नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता का क्षेत्रीय संचालन उनकी संस्था संदेश नाट्य मंच (रंगमंडल), उमरिया द्वारा किया जाएगा।
प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर, दो वर्गों में आयोजित होगी। आयु का निर्धारण 1 जनवरी 2026 की स्थिति के अनुसार किया जाएगा। जूनियर वर्ग में 8 से 15 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 16 से 25 वर्ष आयु के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे।
दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 10,000, 5,000 एवं 3,000 रुपये पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
संभाग स्तर के विजेता प्रतिभागियों को इसके बाद सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में इंदौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तिथि प्रतिभागियों को समय रहते सूचित की जाएगी। राज्य स्तर पर सीनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः 25,000, 20,000 एवं 15,000 रुपये, जबकि जूनियर वर्ग में क्रमशः 21,000, 15,000 एवं 10,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के दोनों चरणों का संचालन विधिवत प्रशिक्षित एवं पारंगत निर्णायकों के निर्देशन में होगा। निर्णायकों का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य माना जाएगा।
प्रतियोगिता से संबंधित आवेदन-पत्र, नियमावली, पात्रता एवं अन्य आवश्यक जानकारियां समाचार पत्रों, पंपलेट एवं फ्लेक्स के माध्यम से समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रतिभागी क्षेत्रीय सहयोगी एवं रंगकर्मी श्री प्रकाश राव से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
संपर्क नंबर: 88780 10024
ऑनलाइन फॉर्म/जानकारी हेतु ई-मेल: prao111224@gmail.com
आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क है। उन्होंने शहडोल संभाग के प्रतिभावान युवा गायकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का आह्वान किया है।
स्थान: महिला मंडल सभागार, कलेक्टर निवास के सामने, शहडोल
दिनांक: 10 सितंबर 2026
समय: प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक
जारीकर्ता:
पंकज दुबे
वरिष्ठ रंगकर्मी एवं कार्यक्रम निर्देशक
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (नई दिल्ली)
संदेश नाट्य मंच (रंगमंडल), उमरिया












































