PM इंटर्नशिप योजना में वेकोलि का राष्ट्रीय डंका, मिला ‘बेस्ट PSU पार्टनर’ सम्मान

---Advertisement---

PM इंटर्नशिप योजना में वेकोलि का राष्ट्रीय डंका, मिला ‘बेस्ट PSU पार्टनर’ सम्मान

युवाओं को कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत सरकार ने किया सम्मानित

नागपुर/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) के प्रभावी क्रियान्वयन और युवाओं को कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट योगदान के लिए वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित “PMIS Recognition of Partner Company Awards” समारोह में वेकोलि को “Best PSU Partner” पुरस्कार प्रदान किया गया।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान प्रदान किया गया। कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने यह पुरस्कार वेकोलि के निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) बिक्रम घोष को प्रदान किया। उन्होंने वेकोलि की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।

150 इंटर्नशिप अवसरों से युवाओं को मिलेगा औद्योगिक अनुभव

समारोह में अपने संबोधन के दौरान बिक्रम घोष ने बताया कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तीसरे चरण के अंतर्गत वेकोलि ने विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में 150 इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराए हैं। इनमें डिप्लोमा इन माइनिंग इंजीनियरिंग के 45, ग्रेजुएट इन माइनिंग इंजीनियरिंग के 25 तथा ग्रेजुएट इन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग/आईटीआई इलेक्ट्रिशियन के 80 अवसर शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना युवाओं को केवल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें वास्तविक औद्योगिक वातावरण में काम करने और अपने तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। वेकोलि इस दिशा में अपनी भूमिका को प्रभावी ढंग से निभा रहा है।

सुदूर कोयलांचल क्षेत्रों के युवाओं पर विशेष फोकस

बिक्रम घोष ने कहा कि वेकोलि द्वारा संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य सुदूर कोयलांचल क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं तक प्रशिक्षण एवं करियर के अवसर पहुंचाना भी है। इन क्षेत्रों में युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर कई बार सीमित होते हैं। ऐसे में PMIS के माध्यम से उन्हें अपने घर और समुदाय के नजदीक ही कौशल हासिल करने तथा औद्योगिक क्षेत्र की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने से न केवल उनकी क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी, बल्कि वे अधिक आत्मनिर्भर भी बनेंगे। इससे कोयलांचल क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है।

इंटर्न्स को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहा वेकोलि

वेकोलि द्वारा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत चयनित इंटर्न्स के लिए बेहतर और अनुकूल सीखने का वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इंटर्न्स को संशोधित 9,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड, लागू अवकाश, निःशुल्क ओपीडी सेवाओं तथा खदानों में रियायती कैंटीन सुविधा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कंपनी का मानना है कि शिक्षा और तकनीकी ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक अनुभव से जोड़ना युवाओं को भविष्य की कार्य आवश्यकताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे प्रशिक्षुओं को उद्योग की वास्तविक परिस्थितियों को समझने, तकनीकी दक्षता विकसित करने और कार्यस्थल पर आवश्यक व्यवहारिक कौशल हासिल करने का अवसर मिलता है।

कुशल और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान

वेकोलि द्वारा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों को युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कंपनी के अनुसार, कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करना विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

वेकोलि को मिला ‘Best PSU Partner’ राष्ट्रीय सम्मान कंपनी द्वारा PMIS के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और प्रभावी क्रियान्वयन की राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।

वेकोलि के अधिकारी रहे मौजूद

पुरस्कार समारोह में वेकोलि के महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) मनोज कुमार गुप्ता तथा वरिष्ठ प्रबंधक (जनसंपर्क) आशीष तायल भी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से वेकोलि परिवार में उत्साह का माहौल है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 17, 2026

August 17, 2026

August 17, 2026

August 17, 2026

August 17, 2026

August 17, 2026

Leave a Comment