हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने दिए निर्देश
अनूपपुर 14 अगस्त 2026- मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने आज अनूपपुर नगर आईटीआई परिसर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, राजस्व विभाग, उद्योग विभाग, खाद्य विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा शिविर में आए हितग्राहियों से चर्चा की।
राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदनों की संख्या की जानकारी भी ली तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान कर शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखना चाहिए।
इस दौरान पर कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब, वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती पार्वती राठौर, लोकतंत्र सेनानी श्री मूलचन्द्र अग्रवाल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, उपस्थित रहे।





































