‘हर घर तिरंगा’ से रंगा CCL मुख्यालय, गूंजा वंदे मातरम्
हजारों कोलकर्मियों, श्रमिक प्रतिनिधियों और हितधारकों ने निकाली तिरंगा सम्मान रैली; भारत माता के रूप में बच्ची वैष्णवी कुमारी ने किया मार्च का नेतृत्व
रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 14 अगस्त 2026 को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय स्थित दरभंगा हाउस कैंपस में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, कोल कर्मियों, श्रमिक संघों के प्रतिनिधियों एवं हितधारकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगा सम्मान रैली के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि ‘भारत माता’ के रूप में सजी छोटी बच्ची वैष्णवी कुमारी ने तिरंगा मार्च का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में निकली रैली ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह और बढ़ा दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने भी लिया रैली में हिस्सा
कार्यक्रम में निदेशक वित्त पवन कुमार मिश्रा, निदेशक मानव संसाधन हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक तकनीकी/संचालन चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक योजना एवं परियोजना अनुप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार की उपस्थिति रही। सभी अधिकारियों ने तिरंगा सम्मान रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर निदेशक मानव संसाधन हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक भारतीय के दिल में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
9 से 17 अगस्त तक चल रहा अभियान
सीसी एंड पीआर विभाग के प्रमुख आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि सीसीएल मुख्यालय के साथ-साथ कंपनी के सभी कोयला क्षेत्रों में 9 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो 17 अगस्त तक चलेंगे।
उन्होंने बताया कि सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में साइकिल रैली, पैदल मार्च, बाइक रैली और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों में सीसीएल कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में श्रमिक संघों के प्रतिनिधि, हितधारक, स्थानीय ग्रामीण, युवा, बच्चे एवं उनके परिवार भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
‘वंदे मातरम्’ की धुन पर सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बांधा समां
मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। विशेष रूप से ‘वंदे मातरम्’ की धुन पर प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुति के दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर तिरंगे की थीम पर तैयार किया गया भव्य सेल्फी प्वाइंट भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें ‘सीसीएल के ताऊ’ ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। तिरंगे से सुसज्जित सेल्फी प्वाइंट पर बड़ी संख्या में कोल कर्मियों और अतिथियों ने तस्वीरें खिंचवाईं तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान सीसीएल कर्मियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मुख्यालय परिसर में जगह-जगह तिरंगे नजर आए और देशभक्ति के नारों एवं ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण गूंजायमान रहा।
राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिक प्रतिनिधियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम ने सीसीएल परिवार के भीतर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ ही आमजन को भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया।






































