हर घर तिरंगा अभियान के तहत 14 अगस्त को जिला मुख्यालय में निकलेगी तिरंगा रैली

---Advertisement---

तुलसी महाविद्यालय से स्मार्ट सिटी तक निकलेगी रैली

मंत्री श्री दिलीप जायसवाल भी तिरंगा रैली में करेंगे सहभागिता

नागरिकों से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील

अनूपपुर 13 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के मार्गदर्शन में देश की स्वतंत्रता की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों के तहत जिला मुख्यालय अनूपपुर में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 14 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने बताया कि तिरंगा रैली प्रातः 11 बजे शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर से प्रारंभ होकर स्मार्ट सिटी तक निकाली जाएगी। रैली में मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री दिलीप जायसवाल भी सहभागिता करेंगे।

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार तिरंगा रैली को गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं भव्यता से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई हैं। रैली के सफल संचालन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। रैली के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

तिरंगा रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की गई है। रैली के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने के साथ ही हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगा फहराते हुए अपना छायाचित्र अपलोड कर अभियान में सहभागिता दर्ज कराएं। उन्होंने नागरिकों से अपने परिवार, पड़ोसियों, मित्रों एवं अन्य लोगों को भी अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व एवं हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की भावना को अभिव्यक्त करने का अवसर है। जिले के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, युवा व्यापारियों महिलाओं तथा सभी वर्ग के लोगों से 14 अगस्त को आयोजित तिरंगा रैली में उत्साहपूर्वक शामिल होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment