अधिकारी अपनी टीम को सक्रिय कर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें- कलेक्टर श्री झा

---Advertisement---

समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने दिए निर्देश

अनूपपुर 10 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक लेकर विभागवार लंबित प्रकरणों एवं प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदक से संवाद कर उसकी समस्या का समाधान करना प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों को अपनी टीम को सक्रिय रखते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट साझा करने के निर्देश दिए।

राजस्व विभाग के प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पटवारियों को क्षेत्रवार आवेदनों की सूची तैयार कर फील्ड विजिट करने और मौके पर जांच कर शत-प्रतिशत संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सर्विस डिलीवरी प्वाइंट सक्रिय रखने तथा मजदूरों एवं किसानों से संबंधित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं तथा संबल पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता के लंबित प्रकरणों का भी समय पर निराकरण कराने को कहा।

कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत शासकीय भवनों पर सौर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने के लिए बड़े भवनों को चिन्हित करने, पीएम आवास एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण एवं सतत उपयोग तथा जनजातीय कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक एवं प्राथमिकता वाले कार्यों को ही शामिल करने को कहा।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों की अपार आईडी शत-प्रतिशत तैयार कराने तथा राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के आवेदन एनएसपी पोर्टल पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियों को निरंतर आयोजित करने तथा कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रोएक्टिव होकर कार्य करने और लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शीतल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment