दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर जिला कांग्रेस कार्यालय अनूपपुर में मनाया गया जश्न

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी घनश्याम सिंह की शानदार विजय पर जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा हर्षोल्लास के साथ जीत का जश्न मनाया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर के अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय, अनूपपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर पटाखे फोड़े तथा एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में नारे लगाए और दतिया की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जनविश्वास की जीत बताया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने कहा कि दतिया की जनता ने कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों और विकास के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को विजयी बनाया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत पर कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सहित समस्त कांग्रेस परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे और सभी ने इस जीत को प्रदेश में कांग्रेस के बढ़ते जनसमर्थन का प्रतीक बताया।





























































