मोती महल होटल में जुटेंगी जिलेभर की कार्यकर्ता-सहायिकाएं, नए नेतृत्व के चयन और संगठन की रणनीति पर होगी चर्चा

---Advertisement---

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका यूनियन का जिला सम्मेलन 9 अगस्त को

मोती महल होटल में जुटेंगी जिलेभर की कार्यकर्ता-सहायिकाएं, नए नेतृत्व के चयन और संगठन की रणनीति पर होगी चर्चा

शहडोल। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन (एटक), मध्यप्रदेश की जिला इकाई शहडोल का तीसरा जिला सम्मेलन आगामी 9 अगस्त को सुबह 11 बजे मोती महल होटल, शहडोल में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी सेक्टरों से बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के शामिल होने की संभावना है।

यूनियन के पदाधिकारियों के अनुसार यह सम्मेलन संगठन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ नए नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया भी संपन्न होगी।

सम्मेलन में यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कामरेड गायत्री बाजपेयी, प्रदेश महासचिव कामरेड विभा पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी। इनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सीधी जिला अध्यक्ष कामरेड रानी द्विवेदी भी सम्मेलन में भाग लेंगी और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। सम्मेलन में प्रदेश नेतृत्व द्वारा संगठन की भावी रणनीति, महिला कर्मियों के अधिकारों, सेवा संबंधी मांगों तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के विषय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

यूनियन सूत्रों के अनुसार एटक के संविधान के अनुरूप संगठन में हर तीन वर्ष में इकाई स्तर से लेकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक सम्मेलन आयोजित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नेतृत्व का चयन किया जाता है। इसी परंपरा के तहत शहडोल जिला सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

बताया गया कि आगामी 19 एवं 20 सितंबर को सतना स्थित अमृत वाटिका में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन (एटक) का राज्य सम्मेलन प्रस्तावित है। शहडोल जिला सम्मेलन में राज्य सम्मेलन के लिए प्रतिनिधियों का चयन करने सहित विभिन्न संगठनात्मक प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा।

यूनियन ने जिले की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर सम्मेलन में उपस्थित होकर संगठन को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें। संगठन का मानना है कि अधिकाधिक सहभागिता से आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जा सकेगा।

जिला सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और विभिन्न सेक्टरों में सम्मेलन की तैयारियां एवं संपर्क अभियान लगातार जारी है। संगठन का उद्देश्य सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, सेवा संबंधी मांगों तथा संगठनात्मक एकजुटता को नई दिशा प्रदान करना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment