जादू-टोना के शक में बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या, दो भतीजे गिरफ्तार
अनूपपुर। जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम केरहा भेलमा में जादू-टोना के संदेह में एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लाठी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त को कोमल सिंह ने सूचना दी कि उसकी रिश्ते की सास रामबाई गोंड़ (विधवा) की हत्या कर दी गई है। फरियादी ने बताया कि 2 अगस्त की सुबह उसने अपने घर की छत से देखा था कि रामबाई के भतीजे सुरेश गोंड़ और फूल सिंह गोंड़ उनकी मारपीट कर रहे थे। भय के कारण वह बीच-बचाव नहीं कर सका। अगले दिन ग्रामीणों के साथ जब रामबाई के घर पहुंचे तो उनका शव घर के सामने परछी के नीचे खून से लथपथ पड़ा मिला।
सूचना पर जैतहरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 260/26 दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सुरेश सिंह गोंड़ (25) और फूल सिंह गोंड़ (34), निवासी ग्राम केरहा भेलमा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें विश्वास था कि उनकी बड़ी मां रामबाई गोंड़ जादू-टोना करती थी। परिवार के दो सदस्यों की मौत और अन्य लोगों की खराब तबीयत के कारण उन्हें शक हो गया था कि अब उनकी भी जान खतरे में है। इसी भ्रम में दोनों ने हत्या की योजना बनाई। 2 अगस्त की सुबह खेत जाने के दौरान रामबाई को रोककर घर चलने के लिए कहा। मना करने पर डंडों तथा लात-घूंसों से तब तक हमला करते रहे, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। इसके बाद शव को उठाकर उनके घर के सामने छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लाठी जब्त कर न्यायालय में पेश किया।
इस मामले के खुलासे में थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।














