छुलहा रेलवे स्टेशन के पास 6.355 किलो गांजा जब्त, उड़ीसा का तस्कर गिरफ्तार
अनूपपुर। कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा के एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6 किलो 355 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 60,300 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि छुलहा रेलवे स्टेशन की ओर से नीली शर्ट और काला पैंट पहने एक व्यक्ति ट्रॉली बैग में गांजा लेकर अनूपपुर बस्ती की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छुलहा रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की। अनूपपुर-छुलहा मार्ग पर निर्माणाधीन भवन के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग में छह पैकेटों में रखा 6 किलो 355 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। साथ ही एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उड़ीसा के बौध जिले के ग्राम बीजापदर निवासी 33 वर्षीय मदन महानंदिया के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 451/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी संजय अशोक एक्का के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में कोमल अरजरिया, शेख रशीद, नितिन नामदेव, राजेश कंवर, प्रकाश तिवारी, खेमराज, अब्दुल कलीम और अनूप पुषाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
































































