भालूमाड़ा थाना को मिली नई कमान: राधिका भगत ने संभाला पदभार, बोलीं— महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा और अवैध कारोबार पर रहेगा विशेष फोकस
जनता को त्वरित न्याय दिलाना होगी प्राथमिकता, जनप्रतिनिधियों व पत्रकारों ने की सौजन्य भेंट

जमुनाकोतमा भालूमाड़ा अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना में राधिका भगत ने गुरुवार को थाना प्रभारी (टीआई) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण किया, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए थाना प्रभारी राधिका भगत ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन का पुलिस पर विश्वास बढ़ाना है उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी
उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में यदि कहीं भी अवैध कारोबार संचालित हो रहे हैं तो उन पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे जनहित एवं जागरूकता अभियानों को भी आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन योजनाओं और अभियानों का लाभ उठा सकें
राधिका भगत ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाएगी और उसे न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर भयमुक्त वातावरण तैयार करना भी है उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूरी पुलिस टीम प्रतिबद्ध होकर कार्य करेगी।
जनप्रतिनिधियों व पत्रकारों ने दी शुभकामनाएं
नई थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण करने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह, मंडल अध्यक्ष मिंटू सिंह, धीरेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी राजेश सिंह, अजय यादव, रूपेश सिंह तथा पत्रकार संतोष चौरसिया, गुलाब रजक, राकेश मिश्रा और दिनेश केवट ने थाना पहुंचकर राधिका भगत से शिष्टाचार भेंट की। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए भालूमाड़ा क्षेत्र में बेहतर पुलिस व्यवस्था एवं जनसहयोग के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की
क्षेत्रवासियों ने भी नई थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण पर स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और जनसुनवाई व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा

















