नशे के खिलाफ शहडोल में जनजागरण का बिगुल: पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने दिखाई भव्य जागरूकता रैली को हरी झंडी

---Advertisement---

शहडोल

 

शहडोल पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने दिखाई भव्य जागरूकता रैली को हरी झंडी युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से शहडोल पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” 15 दिवसीय जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ बुधवार को पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। अभियान की शुरुआत जय स्तंभ चौक स्थित कलेक्ट्रेट परिसर से हुई, जहां पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान ने भव्य जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

रैली जय स्तंभ चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बाणगंगा सामुदायिक भवन पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में स्कूलों के छात्र-छात्राएं, पुलिस अधिकारी, पुलिस बल तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया तथा लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा नशे के विरुद्ध जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान ने कहा कि अभियान के दौरान जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, संगोष्ठियां, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संवाद, नुक्कड़ नाटक तथा जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।

 

रैली के दौरान “नशे से दूरी है जरूरी”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। आम नागरिकों ने भी इस अभियान का स्वागत करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।

 

शहडोल पुलिस का यह 15 दिवसीय अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अभियान के माध्यम से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।

 

कुल विजुअल – 06

 

बाइट – संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक शहडोल

संवाददाता शहडोल – अरुण द्विवेदी

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 15, 2026

July 15, 2026

July 15, 2026

July 15, 2026

July 15, 2026

July 15, 2026

Leave a Comment