स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कंपनी प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

---Advertisement---

स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कंपनी प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

अनूपपुर, 14 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी अनूपपुर ग्रामीण (चचाई) मंडल अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य सत्यनारायण फुक्कू सोनी ने सोमवार को आर.के. अर्थ रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड की शारदा ओपनकास्ट परियोजना (बकही/चचाई) के प्रबंधन को एक ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत बकही के स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि क्षेत्रीय सांसद, क्षेत्रीय विधायक, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि शारदा ओपनकास्ट परियोजना का कार्यक्षेत्र ग्राम पंचायत बकही के अंतर्गत आता है। परियोजना प्रारंभ होने के समय स्थानीय ग्रामीणों एवं बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्तमान में स्थानीय पात्र युवाओं की अपेक्षा बाहरी क्षेत्रों के लोगों को अधिक संख्या में रोजगार दिया जा रहा है। इससे ग्राम पंचायत बकही के युवाओं और ग्रामीणों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण फुक्कू सोनी ने कहा कि ग्राम पंचायत बकही में अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग की आबादी लगभग 90 प्रतिशत है, जिनके लिए रोजगार का यह बड़ा अवसर होना चाहिए। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि स्थानीय युवाओं की योग्यता, अनुभव एवं पात्रता के आधार पर उन्हें प्राथमिकता से रोजगार उपलब्ध कराया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों का आर्थिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि इस विषय से क्षेत्रीय सांसद, क्षेत्रीय विधायक, भाजपा जिला अध्यक्ष एवं अन्य जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में कोई संतोषजनक पहल नहीं होने से ग्रामीणों में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है।
ज्ञापन में कंपनी प्रबंधन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी गई है कि यदि स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भारतीय जनता पार्टी अनूपपुर ग्रामीण (चचाई) स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं जनहित में चरणबद्ध आंदोलन करेगी। इस दौरान उत्पन्न होने वाली समस्त परिस्थितियों की जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।
इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने भी आशा व्यक्त की है कि कंपनी प्रबंधन स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए रोजगार में प्राथमिकता सुनिश्चित करेगा, जिससे क्षेत्र में विश्वास एवं समन्वय का वातावरण बना रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 15, 2026

July 15, 2026

July 15, 2026

July 15, 2026

July 15, 2026

July 15, 2026

Leave a Comment