करैत के कहर से मासूम की मौत, माता-पिता अस्पताल में भर्ती
48 घंटे में 20 से अधिक जहरीले सांपों का रेस्क्यू, उपयंत्री इंद्रजीत पटेल भी करैत के हमले से बाल-बाल बचे
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर : शशिधर अग्रवाल

अनूपपुर, 10 जुलाई। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जहरीले सर्पों का आतंक बढ़ता जा रहा है। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बाड़ीखार के भेड़वाटोला में करैत (डंडा करायल) सर्प के डंसने से छह वर्षीय मासूम बालिका की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं। वहीं, एक दिन पहले अनूपपुर नगर में जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में पदस्थ उपयंत्री इंद्रजीत पटेल भी जहरीले करैत सर्प के हमले से बाल-बाल बच गए। उधर, जिला मुख्यालय के सर्प प्रहरियों ने पिछले 48 घंटे में 20 से अधिक सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
जानकारी के अनुसार, भालूमाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बाड़ीखार के भेड़वाटोला निवासी भानु प्रताप सिंह अपनी पत्नी रेखा सिंह और छह वर्षीय पुत्री माधवी के साथ घर के अंदर तख्त पर सो रहे थे। देर रात करीब दो बजे अत्यंत विषैले करैत सर्प ने पहले मासूम बालिका और फिर उसके माता-पिता को डंस लिया। परिजन तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मासूम माधवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि भानु प्रताप सिंह और रेखा सिंह का उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर सर्प प्रहरी शशिधर अग्रवाल जिला चिकित्सालय पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। भानु प्रताप सिंह ने आशंका जताई कि करैत सर्प अभी भी घर के अंदर अलमारी के पास छिपा हो सकता है। घर बंद होने के कारण तत्काल तलाश नहीं हो सकी। कोतमा के सर्प प्रहरी हरिवंश प्रसाद पटेल घर खुलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि सर्प का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
इसी बीच, अनूपपुर नगर के वार्ड क्रमांक-10 बब्बा कॉलोनी निवासी एवं जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में पदस्थ उपयंत्री इंद्रजीत पटेल भी बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बच गए। देर रात घर से बाहर निकलते समय दरवाजे के पास बैठे जहरीले करैत सर्प पर उनका पैर पड़ने ही वाला था कि उन्होंने समय रहते उसे देख लिया। सूचना मिलने पर सर्प प्रहरी शशिधर अग्रवाल मौके पर पहुंचे और करीब दो फीट लंबे कॉमन करैत सर्प का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
बारिश के मौसम में लगातार सर्प निकलने की घटनाओं के बीच जिला मुख्यालय के सर्प प्रहरियों ने भी बड़ी कार्रवाई की है। सर्प प्रहरी शशिधर अग्रवाल, छोटेलाल यादव, मनोज यादव, धर्मेंद्र यादव, लालदास सिंह एवं देवराज कोल ने पिछले 48 घंटे में अनूपपुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से 20 से अधिक सर्पों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इनमें 12 कोबरा, कई करैत, एक अजगर, दो धामन तथा अन्य प्रजातियों के सांप शामिल हैं।
वन परिक्षेत्र अधिकारी स्वर्ण गौरव सिंह की उपस्थिति में वन विभाग की टीम और सर्प प्रहरियों ने सभी सर्पों को किरर वन बीट के डोकरीआरा के सघन जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। इस दौरान वनरक्षक नर्मदा प्रसाद पटेल, हरिशंकर महरा एवं सुरक्षा श्रमिक रामप्रकाश यादव भी मौजूद रहे।
सर्प प्रहरियों ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, रात में अंधेरे में बिना टॉर्च के बाहर न निकलें तथा किसी भी सर्प के दिखाई देने पर उसे मारने के बजाय तत्काल प्रशिक्षित सर्प प्रहरियों या वन विभाग को सूचना दें। विशेषज्ञों का कहना है कि करैत और कोबरा जैसे विषैले सर्पों के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।




































