एसईसीएल की उपलब्धि: 45 खदानों को मिली 3-स्टार या उससे अधिक रेटिंग, 5 खदानों ने हासिल किया सर्वोच्च 5-स्टार सम्मान

---Advertisement---

एसईसीएल की उपलब्धि: 45 खदानों को मिली 3-स्टार या उससे अधिक रेटिंग, 5 खदानों ने हासिल किया सर्वोच्च 5-स्टार सम्मान

वैज्ञानिक खनन, सुरक्षा और पर्यावरणीय प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन का मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने एक बार फिर सुरक्षित, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल खनन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कोयला मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए जारी स्टार रेटिंग मूल्यांकन में एसईएलसी की कुल 45 खदानों को 3-स्टार अथवा उससे अधिक रेटिंग प्रदान की गई है। यह उपलब्धि कंपनी के उच्च सुरक्षा मानकों, सतत् खनन, पर्यावरण संरक्षण और परिचालन उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण मानी जा रही है।

जारी मूल्यांकन के अनुसार एसईसीएल की 5 खदानों को सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है, जबकि 19 खदानों को 4-स्टार और 21 खदानों को 3-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है। यह प्रदर्शन सार्वजनिक क्षेत्र की कोयला कंपनियों में एसईसीएल की मजबूत कार्यसंस्कृति और गुणवत्ता आधारित संचालन को दर्शाता है।

एसईसीएल अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन नियमित रूप से विभिन्न खदानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, वैज्ञानिक खनन तकनीकों, पर्यावरणीय प्रबंधन, उत्पादन क्षमता तथा परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हैं। उनके नेतृत्व में खदानों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण तथा श्रमिकों के लिए बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली खदानों का मूल्यांकन उत्पादन, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, पुनर्वास, तकनीकी नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व और सतत् विकास जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर करती है। इस मूल्यांकन में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खदानों को ही उच्च स्टार रेटिंग प्रदान की जाती है।

एसईसीएल प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों की टीम भावना, अनुशासित कार्यशैली तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार खनन के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दिया है। कंपनी का लक्ष्य आने वाले वर्षों में अधिक से अधिक खदानों को 5-स्टार श्रेणी में शामिल कर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखना है। यह उपलब्धि न केवल एसईसीएल की कार्यक्षमता को रेखांकित करती है, बल्कि देश के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी दर्शाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment