आधी रात रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: छत्तीसगढ़ भेजी जा रही 234 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, इनोवा सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

---Advertisement---

आधी रात रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: छत्तीसगढ़ भेजी जा रही 234 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, इनोवा सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

अनूपपुर। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने आधी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ खपाने ले जाई जा रही 234 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा इनोवा कार को भी कब्जे में लेकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 12 से 17 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक लग्जरी इनोवा वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रामनगर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 08 0991 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की और वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मो. सोएब खान उर्फ पप्पू (42), मो. राजिक उर्फ राज (30) तथा रामू बंसल (19), निवासी जमुना कॉलरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि शराब जमुना क्षेत्र से छत्तीसगढ़ ले जाई जा रही थी।

तलाशी के दौरान वाहन से 22 पेटी गोवा शराब (198 लीटर) और 3 पेटी बोल्ट बीयर (36 लीटर) सहित कुल 25 पेटी, 234 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 58 हजार 580 रुपये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा इनोवा कार भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत लगभग 10 से 15 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपियों के विरुद्ध थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में उमेश तिवारी, अमित पटेल, निरंजन खलखो, राहुल प्रजापति, योगेन्द्र मिश्रा, हरीश, अनुराग सिंह, भानुप्रताप और मुमताज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment