डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा : शताब्दी पाण्डेय

---Advertisement---

 

मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला एमसीबी द्वारा भारत के महान राष्ट्रवादी चिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष पखवाड़ा के अंतर्गत खोंगापानी स्थित सांस्कृतिक भवन (बंगाली दुर्गा पंडाल) में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रहित में दिये गये योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिये समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका संकल्प आज भी प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिये प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के लंबे समय से संजोये गये संकल्प को साकार किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा का एक सशक्त संगठन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता से भाग लेने का आग्रह किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल केसरवानी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन “राष्ट्र प्रथम” की भावना का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी जिस वैचारिक और संगठनात्मक मजबूती के साथ देशभर में कार्य कर रही है उसकी आधारशिला डॉ. मुखर्जी ने रखी थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच निरंतर सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सम्मेलन के दौरान राष्ट्रवाद, संगठन और जनसेवा विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित और संगठन हित में निरंतर कार्य करें।

कार्यक्रम में नगर पंचायत झगराखाण्ड अध्यक्ष रीमा रमेश यादव, नगर पंचायत जनकपुर अध्यक्ष कौशल पटेल, श्रीमती सरोज यादव, संजय राय, रामलाल, पवन शुक्ला, जमुना पाण्डेय, रामचरित द्विवेदी, मनोज केसरवानी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पटवा, श्रीमती जया कर, जिला महामंत्री श्रीमती कविता दीवान, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती गीता पासी, श्रीमती मीनू पटेल, श्रीमती सुनीता सिंह, भाजपा वरिष्ठ नेत्री श्रीमती गौरी हथगेन, श्रीमती रीता आइच, पूर्व जिलाध्यक्ष लखनलाल श्रीवास्तव, नगर निगम चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल और आशीष मजूमदार ने संयुक्त रूप से किया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताये मार्ग पर चलकर राष्ट्रहित, संगठन हित और जनसेवा के लिये समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment