6 महीने से बंद वृद्धा पेंशन योजना तत्काल शुरू करने की मांग

---Advertisement---

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हफीज मेमन ने सरकार से की अपील

मनेन्द्रगढ़। युवा कांग्रेस जिला मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर (एमसीबी) के जिलाध्यक्ष हफीज मेमन ने प्रदेश सरकार से छह माह से लंबित बताई जा रही वृद्धा पेंशन योजना का भुगतान तत्काल जारी करने और योजना को नियमित रूप से संचालित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वृद्धा पेंशन केवल एक सरकारी सहायता नहीं बल्कि हजारों जरूरतमंद बुजुर्गों के जीवनयापन का महत्वपूर्ण आधार है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण अनेक वृद्धजन आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उन्हें अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

हफीज मेमन ने जारी बयान में कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने पूरे जीवन परिवार और समाज के विकास में योगदान दिया है इसलिये बुढ़ापे में उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि पेंशन जैसी मूलभूत सहायता समय पर नहीं मिलेगी तो सबसे अधिक असर उन गरीब और असहाय बुजुर्गों पर पड़ेगा जिनके पास आय का कोई अन्य साधन नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक बुजुर्ग अपनी दवाइयों, भोजन, इलाज और अन्य दैनिक आवश्यकताओं के लिये पेंशन राशि पर निर्भर रहते हैं। भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। कई वृद्धजन ऐसे हैं जिन्हें नियमित दवाइयां लेनी पड़ती हैं लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वे समय पर इलाज भी नहीं करा पा रहे हैं। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सरकार से आग्रह किया कि वृद्धा पेंशन योजना के सभी लंबित भुगतान बिना किसी विलंब के जारी किये जायें और भविष्य में प्रत्येक माह समय पर पेंशन राशि हितग्राहियों के खातों में पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था की जाये। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए बुजुर्गों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिये।

हफीज मेमन ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक सम्मान और सुरक्षा के हकदार हैं। उनकी बुनियादी जरूरतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं कही जा सकती। उन्होंने प्रदेश सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वृद्धा पेंशन योजना को तत्काल सुचारु रूप से संचालित करने और सभी पात्र हितग्राहियों को उनका अधिकार दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा आमजन, गरीब, मजदूर, किसानों और जरूरतमंद वर्गों की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। यदि वृद्धा पेंशन योजना के भुगतान में हो रही देरी का जल्द समाधान नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment