150 पुलिसकर्मी मैदान में उतरे, विदेशी नागरिकों, किरायेदारों और हिस्ट्रीशीटरों का हुआ सत्यापन
90 मकान मालिकों को कराया गया ‘समाधान ऐप’ डाउनलोड
एमसीबी। जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से एमसीबी पुलिस ने गुरुवार तड़के ‘ऑपरेशन सतर्कता’ के तहत जिले के तीनों पुलिस सब-डिवीजन मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी और जनकपुर में एक साथ विशेष कांबिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस सरप्राइज अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (आईपीएस) के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के नेतृत्व में अभियान संचालित किया गया। चिरमिरी में सीएसपी दीपिका मिंज और जनकपुर में एसडीओपी अलेक्सयुस टोप्पो ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस टीमों का नेतृत्व किया।।अभियान के दौरान चिन्हित मोहल्लों में विदेशी प्रवासी नागरिकों, आदतन अपराधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों का गहन सत्यापन किया गया। पुलिस ने अवैध शराब, गांजा, नशीले इंजेक्शन और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त लोगों पर भी विशेष निगरानी रखी तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। किरायेदारों के सत्यापन को डिजिटल और प्रभावी बनाने के लिये पुलिस ने करीब 90 मकान मालिकों को ‘समाधान ऐप’ डाउनलोड कराकर उसका उपयोग भी समझाया ताकि भविष्य में किरायेदारों का रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध रहे और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान समय पर की जा सके।
मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में मौहरपारा, चिरमिरी में हल्दीबाड़ी और बड़ी बाजार जबकि जनकपुर में आवास पारा और खालहे पारा में संयुक्त पुलिस बल ने घर-घर पहुंचकर सत्यापन और सघन जांच की। इस अभियान में थाना मनेन्द्रगढ़, झगराखाण्ड, चिरमिरी, जनकपुर, खड़गवां, कोटाडोल, पोड़ी सहित सभी संबंधित थानों और चौकियों के प्रभारी अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहे।
एमसीबी जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाये रखने, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये ऐसे सरप्राइज कांबिंग ऑपरेशन और सघन चेकिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। पुलिस की इस कार्यवाही को स्थानीय लोगों ने सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय पहल बताया।




































