वीबी-जी रामजी मिशन अत्यंत प्रशंसनीय एवं दूरदर्शी पहल-जिला पंचायत अध्यक्ष

---Advertisement---

 

गाँव की समृद्धि ही देश की तरक्की- श्रीमती प्रीति सिंह

भारत का हृदय ग्रामीण एवं ग्राम पंचायत में बसता है-सीईओ जिला पंचायत

विकसित ग्राम पंचायतें ही विकसित भारत की आधारशिला- श्रीमती अर्चना कुमारी

ग्राम पंचायत बदरा में आयोजित हुआ वीबी-जी रामजी मिशन का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम

 

अनूपपुर 02 जुलाई 2026- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह ने कहा कि विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) एक अत्यंत प्रशंसनीय एवं दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि आज का दिन देश, प्रदेश, जिले तथा विशेष रूप से ग्रामीण भारत के लिए एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में इतिहास में दर्ज होगा। गाँवों की समृद्धि ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है और इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए भारत सरकार द्वारा विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) का शुभारंभ किया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह ग्राम पंचायत बदरा में आयोजित विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति का मार्ग ग्रामीण भारत के समग्र विकास से होकर गुजरता है, जिसके लिए यह मिशन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि वीबी-जी रामजी मिशन केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण आत्मनिर्भरता, सशक्तिकरण एवं समावेशी विकास का सशक्त माध्यम है। इस मिशन के माध्यम से प्रत्येक पात्र ग्रामीण को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, प्रत्येक परिवार के सम्मान एवं आर्थिक सुदृढ़ता को बल मिलेगा तथा ग्राम विकास की प्रक्रिया में ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने कहा कि भारत का वास्तविक हृदय उसके ग्रामीण क्षेत्र एवं ग्राम पंचायत में बसता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन के अंतर्गत प्रत्येक पात्र हितग्राही को 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित ग्राम पंचायतें ही विकसित भारत की आधारशिला हैं। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यह मिशन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में यह योजना मील का पत्थर सिद्ध होगी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने ग्रामीणों को मिशन के चार प्रमुख घटकों जल सुरक्षा, मूलभूत ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा मौसमी एवं प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इन घटकों के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा तथा ग्रामीण परिवारों की आजीविका सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनेगी।

 

कार्यक्रम को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाल्मिक राठौर एवं ग्राम पंचायत बदरा के सरपंच श्री शिवभान सिंह ने भी संबोधित किया था विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। जिला पंचायत के सामाजिक अंकेक्षण विभाग के अधिकारी श्री संदीप शुक्ला ने वीबी-जी रामजी योजना के उद्देश्य सहित चिन्हित कार्यों एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी।

भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दिव्य प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (वीबी-जी रामजी) कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी द्वारा भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति की गरिमामयी परंपरा के अनुरूप संपन्न हुआ।

लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन देखा-सुना गया

कार्यक्रम के दौरान ग्राम मुक्कावरिपल्ली, जिला तिरुपति (आंध्र प्रदेश) से हुए लाइव प्रसारण के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के संबोधन को उपस्थित जनों ने देखा एवं सुना।

 

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने ग्राम पंचायत बदरा परिसर में किया पौधारोपण

 

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती वाल्मीकि राठौर एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती धनमती सिंह ने ग्राम पंचायत बदरा परिसर में अशोक का पौधा लगाकर पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा हरित वातावरण के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।

 

 

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती धनमती सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुश्री भारती केवट, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.के. सोनी, जिला समन्वयक आजीविका मिशन श्री शशांक सिंह सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी, स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment