चार साल बाद भी विकास अधूरा? बरगवां-अमलाई नगर परिषद पर उठे सवाल, रहवासियों ने कराई जांच की मांग
![]()
![]()
अनूपपुर। नगर परिषद बरगवां-अमलाई के गठन के लगभग चार वर्ष बाद भी विकास कार्यों को लेकर स्थानीय नागरिकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। विभिन्न वार्डों के रहवासियों ने आरोप लगाया है कि परिषद क्षेत्र के कई हिस्सों में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं अब भी अपेक्षित स्तर पर उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना है कि जिन विकास कार्यों को पूरा बताया गया है, उनमें से कई की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद अध्यक्ष एवं जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों द्वारा सभी 15 वार्डों का नियमित भ्रमण नहीं किए जाने से छोटी-छोटी समस्याएं भी लंबे समय तक बनी रहती हैं। रहवासियों का कहना है कि यदि समय-समय पर वार्डों का निरीक्षण किया जाए तो नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण संभव हो सकता है।
रहवासियों ने विशेष रूप से बरगवां हनुमान मंदिर से अमलाई बापू चौक तक निर्मित सड़क और सड़क किनारे लगाए गए पेवर ब्लॉकों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि निर्माण कार्य पूरा होने के करीब एक वर्ष के भीतर ही सड़क कई स्थानों पर उखड़ने लगी तथा पेवर ब्लॉक क्षतिग्रस्त होकर निकल गए। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी मांग उठाई है कि एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र द्वारा कॉलोनी विकास के लिए उपलब्ध कराई गई लगभग 54 लाख रुपये की राशि से कराए गए कार्यों का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए खर्च और कार्यों की जानकारी आम नागरिकों के सामने आनी चाहिए।
वार्ड क्रमांक 3 सहित अन्य क्षेत्रों में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, बिजली, नालियों की सफाई और अन्य विकास कार्यों में भी अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। नागरिकों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही सभी 15 वार्डों में समान रूप से विकास कार्यों को गति देकर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है
चार साल बाद भी विकास अधूरा? बरगवां-अमलाई नगर परिषद पर उठे सवाल, रहवासियों ने कराई जांच की मांग
By: संतोष चौरसिया संपादक (कोयलांचल न्यूज )
On: Thursday, July 2, 2026 11:04 AM





































