अनूपपुर में वन अधिकार दावों के निराकरण हेतु 1 जुलाई से चलेगा विशेष अभियान

---Advertisement---

 

अनूपपुर 30 जून 2026/ प्रदेश के साथ-साथ अनूपपुर जिले में भी वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत पूर्व में निरस्त दावों के पुनः परीक्षण, लंबित दावों तथा नवीन प्राप्त व्यक्तिगत, सामुदायिक एवं सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन संबंधी दावों के शत-प्रतिशत निराकरण के लिए 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक चरणबद्ध एवं समयबद्ध विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत व्यक्तिगत वन अधिकार (IFR) एवं सामुदायिक वन अधिकार (CFR) दावों का निराकरण नवीन एमपीएफआरए पोर्टल (mpfra.mp.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा, जबकि सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन (CFRR) से संबंधित दावों का निराकरण ऑफलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। चार माह तक चलने वाले इस विशेष अभियान से जिले के पात्र हितग्राहियों को उनके वन अधिकारों का लाभ सुलभता से उपलब्ध कराया जा सकेगा।

एमपी वनमित्र पोर्टल पर लंबित एवं नवीन दावों के निराकरण के लिए चरणबद्ध प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इसके तहत ग्राम वन अधिकार समितियों द्वारा दावों का परीक्षण, स्थल निरीक्षण, नक्शा तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने तथा ग्राम सभा से संकल्प पारित कर दावों को उपखंड स्तरीय समिति को प्रेषित करने की कार्रवाई की जाएगी। उपखंड स्तरीय समिति द्वारा प्राप्त दावों एवं अपीलों का परीक्षण एवं निराकरण कर उन्हें अनुशंसा सहित जिला स्तरीय समिति को भेजा जाएगा।

 

जिला स्तरीय समिति द्वारा दावों का अंतिम निराकरण किया जाएगा। स्वीकृत दावों के वन अधिकार पत्र तैयार कर पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे तथा हितग्राहियों को वितरित किए जाएंगे। अमान्य दावों के दावेदारों को दावा निरस्त करने के कारणों की लिखित सूचना प्रदान की जाएगी। इसके उपरांत जारी वन अधिकार पत्रों का वन एवं राजस्व विभाग के अभिलेखों में प्रविष्टिकरण कर वन अधिकार पत्रधारकों को अधिकार अभिलेख की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment