बी. मनियम के नेतृत्व में तैयारियां तेज, सुशिमा वेलफेयर फाउंडेशन का विशेष सहयोग
पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी होंगे आयोजन समिति के अध्यक्ष
चिरमिरी। कोयलांचल नगरी चिरमिरी में एक बार फिर शतरंज की बिसात सजने जा रही है। कभी शतरंज की समृद्ध परंपरा के लिये पहचाने जाने वाले इस शहर में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से 12 जुलाई (रविवार) को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हल्दीबाड़ी में संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। इस प्रतियोगिता का आयोजन चिरमिरी शतरंज क्लब द्वारा वरिष्ठ शतरंज खिलाड़ी बी. मनियम (बिच्छू भैया) के नेतृत्व में किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कार्यों के लिये प्रसिद्ध सुशिमा वेलफेयर फाउंडेशन अंबिकापुर इस आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान कर रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष चिरमिरी के पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी होंगे।
प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग के एमसीबी, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर और जशपुर जिलों के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी और शतरंज विशेषज्ञ आर्बिटरों की देखरेख में 6 से 7 राउंड के स्टैंडर्ड रैपिड प्रारूप में संपन्न कराई जायेगी।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में लगभग 20 हजार रुपयों की नगद पुरस्कार राशि रखी गई है। विभिन्न आयु वर्गों—9-11 वर्ष, 12-13 वर्ष, 14-15 वर्ष, 16-18 वर्ष तथा 19 वर्ष से अधिक (ओपन वर्ग) में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बालक-बालिका और महिला-पुरुष वर्गों के लिये अलग-अलग प्रतिस्पर्धाएं रखी गई हैं ताकि सभी खिलाड़ियों को समान अवसर मिल सके। स्कूली विद्यार्थियों के लिये 200 रुपये तथा अन्य प्रतिभागियों के लिये 300 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीयन की अंतिम तिथि 10 जुलाई शाम 5 बजे तक रहेगी। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, नगद पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किये जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी बी. मनियम (83197-96028), जीवन लाल (94242-54212) अथवा आयोजन समिति अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी (97708-59555) से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। आयोजन समिति में डॉ. अशोक कुमार विराजी, अशोक सिंह, जीवन लाल, सुभाष कश्यप, अमित विश्वास, देव प्रसाद गांगुली, श्रीमती गायत्री बिरहा, डॉ. सुमित, श्रीमती सीमा सिंह, राणा दास और आशुतोष मिश्रा सहित कई खेलप्रेमियों को शामिल किया गया है।
आयोजन समिति ने जिले और संभाग के सभी शतरंज खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है।




































