सीएसआर और हरित ऊर्जा पर बीसीसीएल का बड़ा फोकस, सीएमडी ने निदेशक मंडल संग दुग्दा क्षेत्र का किया दौरा

दुग्दा। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को निदेशक मंडल के साथ दुग्दा क्षेत्र का व्यापक दौरा कर कंपनी की विकास योजनाओं, सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यों और हरित ऊर्जा परियोजनाओं की समीक्षा की। उनके साथ निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार तथा निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) राजीव कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे।
दौरे की शुरुआत प्रसिद्ध दुग्दा पहाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई, जहां सीएमडी ने कर्मचारियों की सुरक्षा, कंपनी की प्रगति और क्षेत्र के विकास की कामना की। मंदिर समिति के प्रतिनिधियों से मंदिर के विकास को लेकर भी चर्चा की गई।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल पंडित बागेश्वर पाण्डेय सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचा, जहां बीसीसीएल की सीएसआर योजना के तहत विद्यालय को उपलब्ध कराए गए डीजी सेट और तीन आरओ वाटर प्यूरीफायर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सीएमडी ने कहा कि बीसीसीएल केवल कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
दौरे के अंतिम चरण में सीएमडी ने दुग्दा स्थित 20 मेगावाट सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन और संचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान महाप्रबंधक (वाशरी) सोहेल इकबाल, परियोजना पदाधिकारी अमित कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन का यह दौरा सामाजिक उत्तरदायित्व, आधारभूत संरचना के विकास और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।



































