पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
अनूपपुर 24 जून 2026/ आगामी 28 से 30 जून 2026 तक आयोजित होने वाले पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा हेतु जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के सफल संचालन तथा जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने मॉनिटरिंग अधिकारियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी एवं कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी दल सदस्य पूरी जिम्मेदारी, समर्पण और कर्मठता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने अभियान अंतर्गत गठित भ्रमण दलों को विशेष रूप से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि घर-घर पहुंचकर प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अभियान की सतत निगरानी, प्रभावी समन्वय तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति पर विशेष जोर दिया।



































