मनेन्द्रगढ़। छोटे शहरों से निकलकर बड़े मुकाम हासिल करने वालों की सूची में अब मनेन्द्रगढ़ के युवा मधुर अग्रवाल का नाम भी जुड़ गया है। कठिन परिश्रम, अनुशासित तैयारी और मजबूत आत्मविश्वास के दम पर मधुर ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर देशभर में 51वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की है। मधुर अग्रवाल की इस उपलब्धि से मनेन्द्रगढ़ जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। वे शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी रहे सम्पत अग्रवाल परिवार से हैं तथा गांधी चौक के समीप संचालित ड्रीम्स कलेक्शन के संचालक मनीष अग्रवाल के पुत्र हैं।
सीए जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षा में शानदार रैंक प्राप्त करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। खास बात यह रही कि मधुर ने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा लिये बिना घर पर रहकर स्व-अध्ययन के माध्यम से तैयारी की। अपनी पढ़ाई के प्रति समर्पण और नियमित मेहनत ने उन्हें सफलता के इस मुकाम तक पहुंचाया।
मधुर की सफलता की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल बन गया। रिश्तेदारों, मित्रों और नगरवासियों ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने भी उनकी उपलब्धि को मनेन्द्रगढ़ के लिये गौरवपूर्ण बताया।
मधुर ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के विश्वास, परिवार के सहयोग और लगातार प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिये सही दिशा में मेहनत और धैर्य सबसे जरूरी है।
मधुर अग्रवाल की सफलता उन विद्यार्थियों के लिये प्रेरणा है जो बड़े सपने देखते हैं। उन्होंने साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों से भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।






































