अनूपपुर 13 जून 2026/ जिले में स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित छोटे-बड़े व्यवसायों को नई पहचान देने और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए एक विशेष पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिला कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के नेतृत्व एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में आजीविका मिशन और उद्योग विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है।
विदित हो कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा सेवा, विनिर्माण और व्यापार से जुड़े कई तरह के सफल उद्यम चलाए जा रहे हैं। इन व्यवसायों को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलाने के उद्देश्य से शासन द्वारा अनूपपुर जिले को कुल 1,278 उद्यमों के पंजीयन का लक्ष्य मिला है।
जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन श्री शशांक प्रताप सिंह ने बताया कि शासन से प्राप्त लक्ष्यों की पूर्ति के लिए एक चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत प्रथम चरण में 10 से 16 जून के बीच विकासखंड स्तर पर 88 उद्यम सखियों और आजीविका सखियों को विशेष प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
अब तक जिले के अनूपपुर, कोतमा, जैतहरी एवं पुष्पराजगढ़ विकासखंडों में 58 सखियों का प्रशिक्षण पूरा कराया जा चुका है। ये प्रशिक्षित उद्यम सखियां गांवों से निर्धारित प्रारूप में जानकारियां संकलित कर रही हैं। जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के सहयोग से अब तक 119 उद्यमों का पंजीयन भी सफलतापूर्ण पूर्ण कर लिया गया है।
अभियान के दूसरे चरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए हर विकासखंड में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। ये कैंप 22 से 25 जून, 13 से 16 जुलाई, 28 से 31 जुलाई और 10 से 13 अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे। इस पहल से पंजीकृत उद्यमों को MSME के तहत मिलने वाली सुविधाओं और आसान लोन का सीधा लाभ मिल सकेगा।





































