सीसीएल का शिकायत निवारण शिविर बना समाधान का प्रभावी मंच

---Advertisement---

सीसीएल का शिकायत निवारण शिविर बना समाधान का प्रभावी मंच

पिपरवार क्षेत्र में 38 शिकायतें दर्ज, कई मामलों का मौके पर हुआ निराकरण

पिपरवार। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में बुधवार को पिपरवार क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, उनके आश्रितों, ठेकेदारों एवं अन्य हितधारकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था। इस पहल को कर्मचारियों और हितधारकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) श्रीमती सुमन रस्तोगी ने की। इस अवसर पर मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री गौतम चौधरी, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री तेजविंदर सिंह, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन), सिविल विभाग, खनन विभाग के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक आयोजित शिविर में कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, आश्रितों, ठेकेदारों एवं अन्य हितधारकों द्वारा कुल 38 शिकायतें दर्ज कराई गईं। प्राप्त शिकायतों में क्वार्टर अनुरक्षण, अनुकम्पा नियुक्ति, सीएमपीएफ ऑनलाइन डाटा अद्यतन, सेवा संबंधी समस्याएं तथा अन्य प्रशासनिक विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।

शिविर के दौरान प्रत्येक शिकायत का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कई मामलों में शिकायतकर्ताओं को तत्काल जानकारी एवं समाधान उपलब्ध कराया गया, जबकि शेष मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविर प्रबंधन और हितधारकों के बीच संवाद को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे कर्मचारियों को अपनी समस्याएं सीधे उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है और समाधान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ती है।

सीसीएल प्रबंधन के अनुसार शिकायत निवारण शिविर केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम नहीं, बल्कि कर्मचारी कल्याण और उत्तरदायी प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह आयोजन कंपनी की पारदर्शी कार्यसंस्कृति, त्वरित शिकायत निवारण व्यवस्था तथा हितधारकों के प्रति संवेदनशीलता को भी दर्शाता है। पिपरवार क्षेत्र में आयोजित यह शिविर प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत बनाने में सफल रहा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment