अनूपपुर। नगर परिषद बरगवां-अमलाई क्षेत्र में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) शिवांगी सिंह बघेल स्वयं विभिन्न वार्डों का लगातार भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं तथा नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दे रही हैं।
नगर परिषद द्वारा प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल संकट से निपटने के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है। सीएमओ द्वारा प्रतिदिन वार्डों का निरीक्षण कर वहां की आवश्यकताओं और समस्याओं का जायजा लिया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
सीएमओ शिवांगी सिंह बघेल ने बताया कि नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखना नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि परिषद के कर्मचारी सुबह से शाम तक सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वार्डों में किसी भी प्रकार की समस्या की जानकारी मिलने पर उसका शीघ्र निराकरण किया जाता है। नगर परिषद का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नगर परिषद की इस पहल से वार्डवासियों में संतोष का माहौल है तथा वे परिषद के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।






































