ग्राम सिरसोदा में पांच दिवसीय ‘ग्राम दर्शन-राम दर्शन’ महाअभियान का शुभारंभ आज से

---Advertisement---

ग्राम सिरसोदा में पांच दिवसीय ‘ग्राम दर्शन-राम दर्शन’ महाअभियान का शुभारंभ आज से

100 गांवों में औषधीय पौधों की नर्सरी, 51 हजार तुलसी पौधों का वितरण और सांस्कृतिक आयोजनों की होगी श्रृंखला

कोयलांचल समाचार के लिए ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी, धार

धार। ग्रामीण संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और भारतीय परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से राजवाड़ा चौक सेवा समिति एवं मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम सिरसोदा में 8 जून से 12 जून तक पांच दिवसीय “ग्राम दर्शन-राम दर्शन” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण समाज में धार्मिक संस्कार, पारिवारिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया जाएगा।

राजवाड़ा चौक सेवा समिति विगत कई वर्षों से जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है। समिति द्वारा अनेक गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करते हुए घर-घर रामचरित मानस की स्थापना कराई गई है, जिसका नियमित रूप से आज भी पालन किया जा रहा है।

मांडू स्थित चतुर्भुज श्रीराम मंदिर के महामंडलेश्वर पूज्य श्री नरसिंहदास जी महाराज एवं राजवाड़ा चौक सेवा समिति के अध्यक्ष नवनीत जैन ने पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आधुनिकता और पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के बीच भारतीय जीवन मूल्यों, संगठित परिवार व्यवस्था तथा प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के उद्देश्य से यह विशेष अभियान प्रारंभ किया जा रहा है।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस 8 जून को समिति के पदाधिकारियों द्वारा अध्यक्ष नवनीत जैन के नेतृत्व में 1100 तुलसी के पौधे चतुर्भुज श्रीराम मंदिर, मांडू में समर्पित किए जाएंगे। महामंडलेश्वर श्री नरसिंहदास जी महाराज के कर-कमलों से इन पौधों का तुलसी नर्सरी में रोपण किया जाएगा।

9 जून को आदर्श ग्राम सिरसोदा में भव्य तुलसी यात्रा के साथ मुख्य आयोजन का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को 51 हजार तुलसी के पौधों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। साथ ही महामंडलेश्वर श्री नरसिंहदास जी महाराज का प्रेरणादायी उद्बोधन भी आयोजित होगा।

10 जून को ‘नारी वंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देवी अंशिका जी द्वारा भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। वहीं महू विधायक एवं पूर्व मंत्री उषा ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित होकर महिलाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के विषय में संबोधित करेंगी।

11 जून को सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें संगठित परिवारों, जैविक खेती करने वाले किसानों, गोपालक परिवारों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन 12 जून को महाआरती एवं समरसता प्रसादी के साथ होगा। इस अवसर पर जिले के लगभग 100 गांवों में औषधीय पौधों की नर्सरी स्थापित करने की महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ भी किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और आयुर्वेदिक परंपराओं को बढ़ावा मिल सके।

आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं प्रत्येक संध्या भजन, कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भाग लेंगे।

पत्रकार वार्ता में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सिरसोदा की लक्ष्मी रघुवंशी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment