अनूपपुर में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, CBI जांच और कानून व्यवस्था सुधार की उठाई मांग
अनूपपुर। बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) जिला इकाई अनूपपुर ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अमरकंटक चौक से शुरू हुआ मार्च शंकर मंदिर चौक होते हुए इंदिरा तिराहा तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शहडोल जोन प्रभारी रामकृपाल सिंह आर्मो ने कहा कि देश में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है तथा बिना रिश्वत के आम नागरिकों के कार्य नहीं हो रहे हैं। जिला अध्यक्ष संदीप पडवार ने केंद्र और राज्य सरकार पर जनता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
प्रदेश सचिव लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए इसकी उच्च स्तरीय CBI जांच की मांग की। संगठन मंत्री मो. इसराज मंसूरी ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बिजुरी नाबालिग मामले में थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की।
किसान विंग जिला अध्यक्ष अमर गुप्ता ने किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा। प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने NEET एवं पटवारी भर्ती घोटाले की CBI जांच, 450 रुपये में गैस सिलेंडर, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों को सस्ती खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा जिले में कानून व्यवस्था सुधारने सहित कई मांगें उठाईं।
कार्यक्रम में पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



































