अनूपपुर। शांतिकुंज हरिद्वार के निर्देशन एवं मध्यप्रदेश जोन भोपाल के मार्गदर्शन में उपजोन अमरकंटक में चार दिवसीय कार्यकर्ता कौशल श्रद्धा संवर्धन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का संचालन प्रांतीय प्रशिक्षक टोली द्वारा किया गया, जिसमें लगभग 100 प्रशिक्षणार्थियों ने सहभागिता कर विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं देव पूजन के साथ हुआ। प्रशिक्षक डॉ. रमेश अभिलाषी, सहायक टोली नायक विक्रम सिंह पाटीदार, संगीत प्रशिक्षक सौरभ गुप्ता तथा उपजोन प्रभारी जे.पी. सिंह की उपस्थिति में अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
शिविर के दौरान कर्मकांड की बारीकियों, कार्यकर्ता आचार संहिता तथा युग निर्माण के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। संगीत सत्र में ढपली वादन और समूह गायन के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन दिवस पर विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर अमरकंटक नगर में नशामुक्ति रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से युवाओं और नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा भारत को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
अंतिम दिन गायत्री शक्तिपीठ परिसर में औषधीय पौधे तीखुर का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने प्रशिक्षण को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला एवं तहसील समन्वयकों सहित सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।



































