जनकपुर पुलिस का नशे पर प्रहार कोडिनयुक्त सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

 

 

एमसीबी/जनकपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत जनकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर देवगढ़ मेन रोड में घेराबंदी कर पुलिस ने एक युवक को प्रतिबंधित नशीले सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कोडिनयुक्त ONEREX सिरप, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक और एसडीओपी जनकपुर के निर्देशन में थाना प्रभारी जनकपुर निरीक्षक कमलेश देवांगन ने विशेष टीम गठित की थी। 28 मई को उप निरीक्षक जे. डी. कुशवाहा अपनी टीम के साथ देवगढ़ क्षेत्र में वाहन चेकिंग और पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि जनकपुर निवासी सन्नी शर्मा उर्फ निखिल कुमार शर्मा मोटरसाइकिल से नशीला सिरप लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने देवगढ़ मेन रोड पर घेराबंदी कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह बाइक छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से ONEREX नशीले सिरप की 14 सीलबंद शीशियां बरामद हुईं। जांच में सिरप को कोडिनयुक्त प्रतिबंधित दवा पाया गया।

पुलिस ने मौके पर कार्यवाही करते हुए नशीले सिरप के सैंपल लेकर जांच के लिये भेजे तथा आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 32 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह नशीला सिरप मध्यप्रदेश से लेकर आया था। मामले में पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी जनकपुर निरीक्षक कमलेश देवांगन, उप निरीक्षक जे. डी. कुशवाहा, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, संजय पाण्डेय, संदीप बागीस और आरक्षक रवि सिंह, सूर्यपाल सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment