शहडोल जोन पुलिस महानिरीक्षक का आदेश जारी, वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
अनूपपुर/शहडोल। थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर में दर्ज चर्चित मृत्यु प्रकरण की जांच को गति देने और मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक शहडोल जोन ने विशेष अन्वेषण टीम (एसआईटी) का गठन किया है। जारी आदेश के अनुसार यह टीम मामले का अनुसंधान कर न्यायालय में अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी।
जानकारी के अनुसार प्रकरण मृतक अमन यादव से संबंधित है, जिसकी जांच अब वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की जाएगी। गठित विशेष टीम के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है, जबकि जिले के अनुभवी पुलिस अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि टीम तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू करेगी तथा समय-समय पर प्रकरण की प्रगति रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को उपलब्ध कराएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विवेचकों को भी टीम में शामिल किया जा सकेगा।
एसआईटी गठन के बाद अब मामले की जांच में तेजी आने और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। मामले पर स्थानीय लोगों की नजरें भी टिकी हुई हैं।





































