खदानों में सुरक्षा को प्राथमिकता: एनसीएल ने कराया छह दिवसीय विद्युत सुरक्षा प्रशिक्षण, विशेषज्ञों ने साझा किए आधुनिक सुरक्षा मानक
सिंगरौली। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा खदानों में सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए “खदानों में विद्युत सुरक्षा” विषय पर छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 11 मई से 16 मई 2026 तक केंद्रीय उत्खनन प्रशिक्षण संस्थान (सीईटीआई), सिंगरौली में आयोजित हुआ, जिसमें ई एंड एम संवर्ग के अधिकारी, विद्युत पर्यवेक्षक एवं इलेक्ट्रिशियन शामिल हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य खदान क्षेत्रों में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा के नवीनतम मानकों, नियमों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं से अवगत कराना रहा, ताकि कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं की संभावनाओं को न्यूनतम किया जा सके और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान इंस्टीट्यूट फॉर माइनर्स एंड मेटलवर्कर्स एजुकेशन (आईएमएमई), कोलकाता के विशेषज्ञ श्री बिभास कुमार मुखर्जी एवं श्री एन. अंसारी ने प्रतिभागियों को विद्युत मशीनरियों के सुरक्षित संचालन, अनुरक्षण एवं प्री-कमीशनिंग परीक्षण की जानकारी दी। इसके साथ ही इलेक्ट्रिकल ड्राइव एवं कंट्रोल, स्विचगियर एवं प्रोटेक्टिव डिवाइसेज, अर्थिंग सिस्टम, पावर सप्लाई के न्यूट्रल सिस्टम, सब-स्टेशन की डिजाइन एवं लेआउट जैसे तकनीकी विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
विशेषज्ञों ने सब-स्टेशन, स्विचयार्ड एवं स्विचबोर्ड में अपनाए जाने वाले सुरक्षा मानकों, ओवरहेड विद्युत लाइनों के संचालन एवं अनुरक्षण, खदानों में प्रयुक्त विद्युत उपकरणों एवं मशीनरियों की सुरक्षा तथा सामान्य सुरक्षा उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की। प्रशिक्षण में केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण विनियम-2023, समय-समय पर संशोधित अधिनियम एवं नियमों के साथ ऑन-साइट इमरजेंसी मैनेजमेंट प्लान की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई।
इस छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों से कुल 38 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ सुरक्षा मानकों के व्यावहारिक अनुपालन के लिए भी तैयार किया गया।
एनसीएल प्रबंधन ने बताया कि कंपनी समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर कर्मियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित और जिम्मेदार कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। यह पहल उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






































