मनेन्द्रगढ़। शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में “समर स्पार्क” समर कैंप का शुभारंभ उत्साह और उमंग के माहौल में किया गया।कैंप के पहले ही दिन विद्यालय परिसर बच्चों की ऊर्जा, हंसी और रचनात्मक गतिविधियों से जीवंत हो उठा। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारना है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा में प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्पण से हुई। इसके बाद शिक्षकों ने सभा का संचालन किया जिसमें वरिष्ठ अंग्रेज़ी शिक्षक श्री राज की विशेष भूमिका रही। पहले दिन बच्चों के लिये जुंबा सेशन आयोजित किया गया जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खुद को ऊर्जावान महसूस किया। इसके साथ ही क्रिकेट गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने टीमवर्क, अनुशासन और खेल भावना का महत्व सीखा।
रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिये आयोजित आर्ट एंड क्राफ्ट सत्र में बच्चों ने रंगों और आकृतियों के जरिये अपनी कल्पनाशक्ति को अभिव्यक्त किया। पॉटरी मेकिंग गतिविधि ने उन्हें मिट्टी के साथ सृजन का नया अनुभव दिया जिससे धैर्य और रचनात्मक सोच का विकास हुआ।
संगीत सत्र भी आकर्षण का केंद्र रहा जहां बच्चों को विभिन्न वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण दिया गया वहीं विज्ञान गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों ने रंगों का मिश्रण, जल के गुण, अम्ल-क्षार तथा स्वास्थ्यवर्धक पेयों के बारे में रोचक प्रयोगों के माध्यम से जानकारी प्राप्त की। इन प्रयोगों ने बच्चों में जिज्ञासा और तार्किक सोच को बढ़ावा दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. तिवारी ने कहा कि यह कैंप मनोरंजन के साथ सीखने का उत्कृष्ट माध्यम है जो बच्चों के आत्मविश्वास और कौशल विकास में सहायक है।।कार्यक्रम के अंत में कैंप का पहला दिन अत्यंत सफल और प्रेरणादायक रहा। विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने जानकारी दी है की आने वाले दिनों में मेहंदी, कुकिंग विदाउट फायर, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट सेशन और इंडोर गेम्स जैसी विविध गतिविधियां भी आयोजित की जायेगी।


















































