डीजल लूट का आतंक: दिनदहाड़े चालक पर हमला, 200 लीटर डीजल पार — पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल

अनूपपुर जिले में डीजल चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खुलेआम सड़कों पर वाहन रोककर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला 20 अप्रैल की सुबह लगभग 5:00 से 5:30 बजे के बीच का है, जब विरासिनी पंप और साधा मोड़ के बीच एक सुनियोजित तरीके से लूट की घटना को अंजाम दिया गया। सफेद रंग की कार में सवार 5-6 अज्ञात बदमाशों ने वाहन क्रमांक CG04PJ 8654 को जबरन रोक लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले वाहन का कांच फोड़ा, फिर चालक लल्लू राम कोल (निवासी भालूमाड़ा) के साथ बेरहमी से मारपीट की। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे इतना पीटा कि उसके सिर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी लगभग 200 लीटर डीजल लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के समय चालक कोयला खाली कर लौट रहा था और वाहन खाली था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। इस पूरी वारदात ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रश्न यह उठता है कि आखिर इन अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है, जो बेखौफ होकर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित चालक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस गंभीर घटना पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करती है या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।















































