97% परिणाम के साथ पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाड़ा ने रचा सफलता का नया इतिहास
जमुना कोतमा माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाड़ा का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। विद्यालय ने 97 प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल कर क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता का परिचय दिया है।
विद्यालय के छात्र रितिक रजक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान पर साजिद खान एवं तृतीय स्थान पर रीता केवट रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में शानदार अंक अर्जित कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य सतीश सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि “हमारे विद्यालय का लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास की ओर ले जाना है।”
उन्होंने बताया कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों के अनुशासन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय को समय-समय पर जिले के कलेक्टर, सहायक आयुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन का भी लाभ मिलता रहा, जिससे बेहतर परिणाम प्राप्त करने में सहायता मिली।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का संकल्प लिया है।

































