ऑपरेशन प्रहार: जैतहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गांजा तस्कर गिरफ्तार; 9.267 किलो गांजा व दो बाइक जब्त

---Advertisement---

ऑपरेशन प्रहार: जैतहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गांजा तस्कर गिरफ्तार; 9.267 किलो गांजा व दो बाइक जब्त

अनूपपुर। जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना जैतहरी पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 9.267 किलोग्राम अवैध गांजा और दो मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मसरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 21 हजार रुपये आंकी गई है।

पहली कार्रवाई 7 अप्रैल 2026 की रात कस्बा पेट्रोलिंग के दौरान कुसुमहाई रोड पर की गई। पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेश राठौर पिता गोपाल राठौर (40 वर्ष), निवासी ग्राम गोरसी, जिला उमरिया बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.037 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने करीब 9 हजार रुपये कीमत का गांजा और बिना नंबर की होंडा लिवो मोटरसाइकिल (करीब 60 हजार रुपये) जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

इसी तरह 8 अप्रैल 2026 को रात्रि गश्त के दौरान खोली फाटक टोला से मरनी टोला मार्ग पर एक व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपनारायण द्विवेदी पिता स्व. रामाधार द्विवेदी (44 वर्ष), निवासी धनगंवा पूर्वी वार्ड क्रमांक 07, थाना जैतहरी, जिला अनूपपुर बताया। तलाशी में उसके पास से 08 पैकेटों में रखा लगभग 8.230 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने करीब 72 हजार रुपये कीमत का गांजा और होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल (लगभग 80 हजार रुपये) जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अमर वर्मा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में अमरलाल यादव, सुरेश कुमार कोरी, विनोद विश्वकर्मा, जय सिंह, श्याम शुक्ला, मनोज सिंह, संजय लोधी, संतोष जायसवाल, मनीष सिंह तोमर और नरेन्द्र जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment