संबल योजना के हितग्राहियों को एक माह में कराना होगा ई-केवाईसी

---Advertisement---

 

 

अनूपपुर 07 अप्रैल 2026/ जिले में पंजीकृत असंगठित श्रमिकों के लिए आवश्यक सूचना जारी की गई है। श्रम पदाधिकारी, अनूपपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार संबल योजना अंतर्गत पंजीकृत ऐसे श्रमिक, जिनका ई-केवाईसी (e-KYC) कार्य लंबित है, उन्हें आगामी एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से यह प्रक्रिया पूर्ण करानी होगी। निर्धारित समय-सीमा में ई-केवाईसी पूर्ण नहीं कराने की स्थिति में संबंधित हितग्राहियों के संबल कार्ड निरस्त किए जाने की कार्यवाही की जाएगी।

 

यह कार्यवाही मध्यप्रदेश असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार कल्याण मंडल, भोपाल की चतुर्थ बैठक में लिए गए निर्णय के अनुपालन में की जा रही है। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जनपद पंचायत) एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में शेष पात्र श्रमिकों से संपर्क स्थापित कर उनका ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं।

 

जिले के जनपद पंचायत अनूपपुर, कोतमा, जैतहरी एवं पुष्पराजगढ़ तथा नगरीय क्षेत्रों अनूपपुर, कोतमा, बिजुरी, पसान, जैतहरी, अमरकंटक, बरगवां (अमलाई), डोला, डूमरकछार एवं बनगवा में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। ई-केवाईसी से वंचित हितग्राहियों की सूची संबल पोर्टल पर सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध है।

 

जिला प्रशासन द्वारा सभी पंजीकृत असंगठित श्रमिकों से अपील की गई है कि वे अपनी पात्रता बनाए रखने हेतु अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), लोक सेवा केंद्र अथवा संबंधित निकाय कार्यालय में जाकर शीघ्रता से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कराएं। ई-केवाईसी पूर्ण न होने की स्थिति में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में बाधा उत्पन्न हो सकती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment