मनेन्द्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए महंगाई के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की आर्थिक नीतियों में कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार चरम पर पहुंच रही है जिससे आम जनता का जीवन दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपयों की वृद्धि कर दी है जबकि बीते तीन महीनों में कुल 525 रुपये तक बढ़ोतरी हो चुकी है वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया 62 रुपये की वृद्धि ने आम परिवारों के बजट को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का सबसे अधिक बोझ गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज घटाने का सरकारी दावा केवल भ्रम फैलाने के लिये है। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में पेट्रोल की कीमतों में 4 रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई है। एविएशन फ्यूल के महंगे होने से हवाई यात्रा भी आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। उनके अनुसार पेट्रोल, गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
जिला महामंत्री रफीक मेमन ने कहा कि खाद्य तेल, दूध, मावा सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम आदमी का किचन बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर जो कभी 400 रुपये में महंगा माना जाता था, आज 900–1000 रुपये तक पहुंच गया है जबकि कमर्शियल सिलेंडर के दाम 1580 रुपये से बढ़कर 1691 रुपये हो चुके हैं। जिला महामंत्री पूनम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल अपने पूंजीपति सहयोगियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है जबकि आम जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि देश के संसाधनों और सार्वजनिक उपक्रमों का लाभ सीमित लोगों तक केंद्रित किया जा रहा है जिससे आर्थिक असमानता बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ रहा है जिससे घर का बजट संभालना मुश्किल हो गया है।
जिला प्रवक्ता भावेश जैन ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई मनरेगा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गरीबों को रोजगार का कानूनी अधिकार देती थी जिसे वर्तमान सरकार ने कमजोर कर दिया है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण युवाओं का भविष्य संकट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई अब भाजपा निर्मित आपदा बन चुकी है। रेलवे टिकट, स्कूल-कॉलेज फीस से लेकर बैंक सेवाओं तक हर क्षेत्र में बढ़ोतरी हो रही है जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। अंत में जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से मांग की कि महंगाई पर तत्काल नियंत्रण किया जाये। पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में राहत दी जाये तथा आम जनता को आर्थिक राहत प्रदान करने के लिये ठोस कदम उठाये जायें।















