शिक्षा ही आसमान छूने की सीढ़ी – जिला पंचायत अध्यक्ष “सपने देखें, बड़े सपने देखें”, केवल पास होना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं – कलेक्टर

---Advertisement---

“नई उड़ान, नया सपना” के साथ जिले में नवीन शैक्षणिक सत्र का हुआ शुभारंभ

जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न

अनूपपुर 01 अप्रैल 2026/ शासन के निर्देशानुसार जिले के समस्त शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ “प्रवेश उत्सव” के रूप में किया गया। इस अवसर पर शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ।

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह ने नव-प्रवेशी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा वह सीढ़ी है, जिसके माध्यम से आसमान को छुआ जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक बच्चे ही शासन की योजनाओं का बेहतर लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में शिक्षक और अभिभावक दोनों की समान भागीदारी होती है।

 

कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने सत्र के प्रथम दिवस विद्यार्थियों की उत्साहजनक उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बचपन में देखे गए बड़े सपने अक्सर समय के साथ सीमित हो जाते हैं और विद्यार्थी केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने या नौकरी प्राप्त करने तक सीमित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस मानसिकता को बदलने की आवश्यकता है तथा विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयास करना चाहिए।

 

कलेक्टर ने कैरियर मार्गदर्शन को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिए कि कक्षा 8 वीं से ही विद्यार्थियों को विभिन्न कैरियर विकल्पों की जानकारी दी जाए। साथ ही कक्षा 10 वीं के विद्यार्थियों को कक्षा 11 वीं में विषय चयन हेतु उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। इस हेतु जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कैरियर काउंसलिंग सामग्री तैयार कर विद्यालयों में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सत्र के लिए प्रेरक संदेश दिया-“सपने देखें, बड़े सपने देखें।”

 

कार्यक्रम को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी तथा नगरपालिका परिषद अनूपपुर की उपाध्यक्ष श्रीमती सोनाली तिवारी द्वारा भी संबोधित किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा एवं सुना गया।

 

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री तुलाराम आर्माे, जिला परियोजना समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान श्री आशुतोष कुशवाहा, प्राचार्य मॉडल स्कूल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

April 1, 2026

April 1, 2026

April 1, 2026

April 1, 2026

April 1, 2026

April 1, 2026

Leave a Comment